नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा कर दी। नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ युवा चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। राम माधव और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की वापसी नई टीम के सबसे प्रमुख बदलावों में शामिल है। वहीं राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को एक बार फिर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। राजस्थान से सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।
भाजपा की नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महामंत्री और 16 राष्ट्रीय सचिव सहित कुल 65 नेताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां दी गई हैं। पार्टी ने नई टीम के जरिए अनुभव, युवा नेतृत्व, क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक प्रतिनिधित्व के बीच तालमेल बनाने की कोशिश की है।
13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में राजस्थान की वसुंधरा राजे सिंधिया के अलावा उत्तराखंड के तीरथ सिंह रावत, राम माधव, ओडिशा के बैजयंत जय पांडा, आंध्र प्रदेश की डी. पुरंदेश्वरी, उत्तर प्रदेश की रेखा वर्मा और प्रो. तारिक मंसूर को जगह दी गई है।
इसके अलावा गुजरात की वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, महाराष्ट्र की डॉ. भारती प्रवीण पवार, पंजाब के मनप्रीत सिंह बादल, मध्य प्रदेश के लाल सिंह आर्य, कर्नाटक के प्रो. एम. नागराजा और पश्चिम बंगाल की डॉ. मधुचंद्रा कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
सतीश पूनिया समेत 8 राष्ट्रीय महामंत्री
नई टीम में विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है।
राजस्थान के लिहाज से सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया जाना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पूनिया इससे पहले राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और संगठन में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।

वहीं बी.एल. संतोष को राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) के पद पर बरकरार रखा गया है। राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री (संगठन) के रूप में शिवप्रकाश और सौदान सिंह अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।
16 राष्ट्रीय सचिव नियुक्त
भाजपा की नई टीम में 16 नेताओं को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। इनमें कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, अनिल एंटनी, डॉ. भोला सिंह, संगीता यादव, डॉ. प्रदीप वर्मा, जगदीश ईश्वरभाई पटेल, रोहन गुप्ता, डॉ. संदीप पाठक, डॉ. स्वदेश सिंह, जय प्रकाश, फांगनोन कोन्याक, डॉ. एम. वेंकटेशन, मनोज तिग्गा, सिद्धार्थ शंभू और मृगांका देव बर्मन शामिल हैं।
पीयूष गोयल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को भाजपा का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि राजेश मंगल को राष्ट्रीय संयुक्त कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। केंद्रीय कार्यालय की जिम्मेदारी तरुण चुघ को सौंपी गई है। वहीं महेंद्र पांडेय केंद्रीय कार्यालय सचिव होंगे।
उत्तर-पूर्व के लिए भी नई जिम्मेदारियां
भाजपा ने उत्तर-पूर्व के राज्यों में संगठनात्मक समन्वय के लिए भी जिम्मेदारियां तय की हैं। डॉ. संबित पात्रा को उत्तर-पूर्व समन्वयक और राजीव बब्बर को उत्तर-पूर्व संयुक्त समन्वयक बनाया गया है।
सभी प्रकोष्ठों के समन्वय की जिम्मेदारी विष्णु दत्त शर्मा को दी गई है। ऋतुराज सिन्हा और विष्णु वर्धन रेड्डी संयुक्त समन्वयक के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे।
युवा, महिला और किसान मोर्चे की कमान नए चेहरों को
पार्टी ने विभिन्न मोर्चों में भी नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। डॉ. हेमंत जोशी को भाजपा युवा मोर्चा, रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा, अमरपाल मौर्य को ओबीसी मोर्चा और बंसीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है।
इसी तरह शिवेश कुमार राम को एससी मोर्चा, डॉ. मन्नालाल रावत को एसटी मोर्चा और कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चे की जिम्मेदारी दी गई है।
मीडिया और सोशल मीडिया टीम में भी बदलाव
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में मीडिया और सोशल मीडिया संगठन को भी नए सिरे से जिम्मेदारियां दी गई हैं। अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक बनाया गया है। उनके साथ आशीष ऊषा अग्रवाल, प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव मीडिया सह-संयोजक के रूप में काम करेंगे।
सोशल मीडिया की जिम्मेदारी दीपक म्हास्के को सोशल मीडिया संयोजक के तौर पर दी गई है। प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाए गए हैं।
राजस्थान के लिए खास रही नई टीम
Photo-डॉ. मन्ना लाल रावत
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में राजस्थान को खास प्रतिनिधित्व मिला है। वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और सुनील बंसल सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। वहीं राजेश मंगल को राष्ट्रीय संयुक्त कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। उदयपुर सांसद डॉ. मन्ना लाल रावत को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के केंद्रीय संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दी है। ऐसे में राष्ट्रीय संगठन में राजस्थान के 5 प्रमुख नेताओं को अहम जिम्मेदारियां मिलना प्रदेश भाजपा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





