रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) तथा झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की नियुक्ति परीक्षाओं में अनियमितता के खिलाफ छात्रों के आंदोलन के 17वां दिन छात्र विधानसभा घेराव कर रहे हैं।
झारखंड विधानसभा गेट नंबर 1 पर जोरदार प्रदर्शन-विधानसभा के गेट नंबर 1 के पास छात्र धरने पर बैठ गए हैं। इसी गेट से सीएम, मंत्री सहित विधायक विधानसभा में प्रवेश करते हैं।

सभी जिलों से पुलिस बल को रांची पहुंचने का निर्देश-प्रदर्शकारी छात्र विधानसभा परिसर के गेट नंबर 1 पर डटे हुए हैं और विरोध-प्रदर्शन जारी है। छात्रों की बड़ी संख्या को देखते हुए विधानसभा की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मिली जानकारी के मुताबिक, सभी जिलों की पुलिस को रांची पहुंचने का निर्देश दिया गया है।

झारखंड विधानसभा के गेट नंबर 1 पर डटे छात्र-छात्र विधानसभा घेराव के दौरान गेट नंबर 1 के पास डटे हुए हैं। बड़ी संख्या में छात्रों के जुटने के बाद मौके पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई।
विधानसभा परिसर में घुसे प्रदर्शनकारी-रांची में छात्र अब विधानसभा परिसर में घुस चुके हैं। छात्र सैकड़ों की संख्या में नजर आ रहे हैं। कुछ प्रदर्शनकारी तो सड़क पर ही लेट गए हैं।
छात्र आंदोलन में घुसे अराजक तत्व', छात्र नेता रवींद्र पासवान ने की कार्रवाई की मांग
छात्र प्रदर्शनकारियों के 'विधानसभा घेराव' मार्च के दौरान पुलिस की लाठीचार्ज और प्रदर्शनकारियों द्वारा चप्पल-बोतलें फेंके जाने पर छात्र नेता रवींद्र पासवान ने कहा, "हम शांतिपूर्ण हैं। छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। कुछ असामाजिक तत्व विरोध प्रदर्शन को दूसरी दिशा में ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन हम छात्र अपनी मांग का समर्थन कर रहे हैं। हम प्रशासन से अपील करते हैं कि ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान करें, हमारे स्वयंसेवक भी उनकी पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। CCTV फुटेज और वीडियो कैमरे की जांच की जाएगी और कार्रवाई की जाएगी। हम सभी छात्रों से अपील करते हैं कि अगर उन्हें अपने बीच कोई असामाजिक तत्व दिखे तो वे हमारे स्वयंसेवकों से संपर्क करें। हम इस विरोध प्रदर्शन को शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से अंत तक ले जाएंगे। मैं राज्य सरकार से भी विनम्र अपील करता हूं कि यह एक ऐतिहासिक विरोध प्रदर्शन होने जा रहा है, शाम तक भीड़ और बढ़ेगी। सरकार को इसे गंभीरता से लेना होगा और आज ही कोई निर्णय लेना होगा।"



