दौसा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्गों पर बढ़ते हादसों को रोकने के लिए दौसा जिला प्रशासन और एनएचएआई (NHAI) ने संयुक्त रूप से बड़ा एक्शन लिया है। हाल ही में एक्सप्रेसवे पर एक बस और ट्रेलर की भिड़ंत में 8 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद दौसा जिला कलेक्टर IAS सौम्या झा के कड़े आदेश दिए। इसके तहत पुलिस और प्रशासन ने 4 जुलाई को 38 स्थानों से अवैध अस्थायी अतिक्रमणों को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
कलेक्टर ने खराब साइन बोर्ड समस्या को किया चिन्हित-कलेक्टर सौम्या झा ने बताया कि हालिया भीषण हादसे की जांच रिपोर्ट में सामने आया कि हाईवे पर लगे अस्पष्ट साइन बोर्ड और दिशा सूचक (ऐरो) का गायब होना से दुर्घटना की मुख्य वजह थी। इसके कारण ड्राइवर्स सही दिशा समझ नहीं पा रहे थे। भ्रमित होकर हादसे का शिकार हो गए। इस बात को प्रशासन ने चिन्हित किया। इसी रिपोर्ट के बाद प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए साइन बोर्ड सुधारने के साथ-साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया है।
इन क्षेत्रों में चला पीला पंजा-जयपुर रेंज आईजी (IPS) राहुल प्रकाश और दौसा एसपी (IPS) पीयूष दीक्षित के निर्देशन में पुलिस और NHAI की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकर लाल मीणा और विनोद कुमार सीपा के सुपरविजन में जिलेभर के हाईवे से अवैध होटल, ढाबे और दुकानों को हटाया गया, जानिए कहां कैसे हुई कार्रवाई।
नांगल राजावतान: 12 अतिक्रमण हटाए गए
पापड़दा व राहुवास: क्रमशः 9 और 7 अवैध निर्माण ध्वस्त
लालसोट व बांदीकुई: क्रमशः 6 और 2 ठिकानों पर कार्रवाई
कोलवा व झांपदा: 1-1 अतिक्रमण साफ किया गया
जिला प्रशासन की सख्त चेतावनी
दौसा प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे हाईवे और एक्सप्रेसवे के किनारे अवैध अतिक्रमण न करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग दें। कलेक्टर सौम्या झा ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों और सुरक्षित सफर में बाधा डालने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

