नईदिल्ली /एम्स्टेलवीन। एफआईएच पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम को इंग्लैंड के हाथों 2-4 से हार का सामना करना पड़ा। पूल-डी के इस मुकाबले में भारत ने शानदार वापसी करते हुए पहले हाफ में 2-1 की बढ़त बना ली थी, लेकिन दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने शानदार खेल दिखाते हुए लगातार तीन गोल दागकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
पहले हाफ में भारत ने पलटा मैच-इंग्लैंड ने मुकाबले की शुरुआत में आक्रामक खेल दिखाया और निकोलस बंडुरक ने 14वें मिनट में गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 17वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया।
भारत ने दबाव बनाए रखा और दिलप्रीत सिंह ने 25वें मिनट में शानदार गोल करते हुए टीम को 2-1 से आगे कर दिया। हाफ टाइम तक भारत इसी बढ़त के साथ मैदान पर था।
तीसरे क्वार्टर में बदला मैच-दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने पूरी तरह से मैच की दिशा बदल दी। भारतीय डिफेंस पर लगातार दबाव बनाने के बाद स्टुअर्ट रशमियर ने 39वें मिनट में गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया। इसके कुछ ही मिनट बाद हेनरी क्रॉफ्ट ने 43वें मिनट में गोल दागकर इंग्लैंड को 3-2 की बढ़त दिला दी।
चौथे क्वार्टर में भी इंग्लैंड ने भारत को वापसी का मौका नहीं दिया। बंडुरक ने 55वें मिनट में अपना दूसरा गोल कर इंग्लैंड की जीत 4-2 से पक्की कर दी।
रक्षात्मक गलतियां पड़ीं भारी-भारतीय टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने हार के बाद माना कि तीसरे क्वार्टर में टीम की रक्षात्मक गलतियां भारी पड़ीं। उनके मुताबिक भारत ने पहले हाफ में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन ब्रेक के बाद डिफेंस में वह अनुशासन और नियंत्रण नहीं दिखा, जिसकी जरूरत थी।
पाकिस्तान के खिलाफ अगला मुकाबला बेहद अहम
इंग्लैंड के खिलाफ हार के बाद भारत के खाते में दो मैचों से 3 अंक हैं। इंग्लैंड 6 अंकों के साथ पूल-डी में शीर्ष पर है, जबकि पाकिस्तान और वेल्स के एक-एक अंक हैं। पूल की शीर्ष दो टीमें अगले दौर में पहुंचेंगी।
अब भारत का अगला मुकाबला 19 अगस्त को पाकिस्तान से होगा। भारत के लिए यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण है। टीम इंडिया को अगले दौर में पहुंचने के लिए कम से कम हार से बचना होगा। पाकिस्तान से हार भारत को टूर्नामेंट से बाहर कर सकती है। ऐसे में हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली टीम के लिए पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला करो या मरो जैसा बन गया है।
भारत की कोशिश अब इंग्लैंड के खिलाफ मिली हार को पीछे छोड़कर पाकिस्तान के खिलाफ मजबूत वापसी करने और वर्ल्ड कप के अगले दौर में जगह पक्की करने की होगी।





