नईदिल्ली /ग्लासगो। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय महिला वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत की झोली में एक और पदक डाल दिया। हरजिंदर ने महिलाओं के 69 किलोग्राम भार वर्ग में कुल 227 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक (सिल्वर मेडल) अपने नाम किया।
हरजिंदर ने मुकाबले की शुरुआत स्नैच राउंड में 101 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाकर की। इसके बाद क्लीन एंड जर्क राउंड में उन्होंने 126 किलोग्राम वजन उठाते हुए कुल 227 किलोग्राम का स्कोर बनाया और सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया। उनका प्रदर्शन पूरे मुकाबले के दौरान बेहद संतुलित रहा और उन्होंने अपनी सभी छह लिफ्ट सफलतापूर्वक पूरी कीं।
'अपने प्रदर्शन से बेहद खुश हूं'
मेडल जीतने के बाद आईएएनएस से बातचीत में हरजिंदर कौर ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, "मैं सिल्वर मेडल जीतकर और अपने प्रदर्शन से बेहद खुश हूं। ट्रेनिंग के दौरान मैंने क्लीन एंड जर्क में इससे भी अधिक वजन उठाया है, लेकिन आज के प्रदर्शन से मैं पूरी तरह संतुष्ट हूं। सबसे बड़ी खुशी इस बात की है कि मैंने अपनी सभी छह लिफ्ट सफलतापूर्वक पूरी कीं।"
उन्होंने कहा कि इस बार उनका लक्ष्य केवल पदक जीतना नहीं, बल्कि अपने प्रदर्शन में भी सुधार करना था।
"मैं इस बार सोचकर आई थी कि मुझे अपने मेडल का रंग बदलना है और बेहतर लिफ्टिंग करनी है। मुझे खुशी है कि मैं अच्छी लिफ्टिंग कर पाई।"
परिवार और महासंघ को दिया सफलता का श्रेय
हरजिंदर कौर ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार और भारतीय वेटलिफ्टिंग महासंघ को दिया। उन्होंने कहा कि उनके परिवार ने हर मुश्किल समय में उनका साथ दिया और महासंघ से मिले सहयोग ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा, "मैं अपना यह मेडल अपने परिवार को समर्पित करना चाहती हूं। जब भी मैं कोई मेडल जीतती हूं, सबसे पहले अपनी मां को फोन करती हूं और इस बार भी सबसे पहले उन्हें ही कॉल किया। मेरी प्रतियोगिता को लेकर वह पिछले कुछ दिनों से काफी चिंतित थीं। मेडल जीतने के बाद उन्होंने मुझे बधाई दी और उनकी खुशी मेरे लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।"
हरजिंदर कौर के इस शानदार प्रदर्शन के साथ कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का पदक अभियान लगातार मजबूत होता जा रहा है। भारतीय खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीत रहे हैं, जिससे खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।





