March 12, 2026

कोलंबो, 23 नवंबर। भारतीय महिला नेत्रहीन क्रिकेट टीम ने आज श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में इतिहास रच दिया। फाइनल मुकाबले में नेपाल को 7 विकेट से हराकर भारत ने उद्घाटन विमेंस ब्लाइंड टी20 वर्ल्ड कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया। पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारने वाली भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

पी. सरवणमुट्टू स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। नेपाल की टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर केवल 114 रन ही बना सकी। भारतीय गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए पूरी पारी में मात्र एक चौका दिया। जवाब में भारत ने 115 रनों का लक्ष्य सिर्फ 12 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। ओपनर फुला सरेन की नाबाद 44 रनों की पारी ने टीम को आसानी से जीत दिलाई।

  • मैच के बाद भारतीय कप्तान दीपिका टी.सी. भावुक हो गईं। ट्रॉफी हाथ में लेकर उन्होंने कहा, “हमें बहुत अच्छा महसूस हो रहा है। हमें बहुत गर्व है और यह एक बहुत बड़ी जीत है। हमारी पूरी टीम ने बहुत मेहनत की है। यह एक बहुत मजबूत टीम है।

”यह टूर्नामेंट भारत, नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका की 6 टीमों के बीच खेला गया था। सेमीफाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को और नेपाल ने पाकिस्तान को हराया था।भारत की इस जीत के साथ ही देश में महिला नेत्रहीन क्रिकेट को नई पहचान मिली है। पुरुष नेत्रहीन टीम पहले ही कई बार वर्ल्ड कप जीत चुकी है और अब महिला टीम ने भी अपना नाम गौरव सूची में दर्ज कर लिया।

कप्तान दीपिका ने आगे कहा, “हम पुरुष टीम के साथ भी खेलने को तैयार हैं।” उनकी यह बात टीम के आत्मविश्वास को दर्शाती है।क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (CABI) के अध्यक्ष महंतेश जी. किवाडासन्नावर ने टीम को बधाई देते हुए कहा, “यह जीत हर उस व्यक्ति के लिए प्रेरणा है जो किसी भी तरह की बाधा को चुनौती मानकर आगे बढ़ता है।”भारत की इस ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री, खेल मंत्री और पूरे देश से बधाइयों का तांता लग गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *