

होसुर (तमिलनाडु), 27 दिसंबर 2025 । केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज तमिलनाडु के कृष्णगिरि जिले स्थित होसुर में ईशा फाउंडेशन के संस्थापक पूज्य सद्गुरु के साथ एक पौधा रोपित किया। यह कार्यक्रम सस्टेनेबल ट्री-बेस्ड एग्रीकल्चर पर आधारित था, जहां शिवराज सिंह ने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण को जीवनशैली बनाने की अपील की।
शिवराज सिंह चौहान ने इस दौरान कहा कि “मैं पिछले 5 साल से हर रोज लगातार पेड़ लगा रहा हूं, आज भी मैंने होसुर में पेड़ लगाया है। मेरे साथ लोग अपने जन्मदिन, शादी की वर्षगांठ और अन्य अवसरों पर पेड़ लगाते हैं। पूज्य श्री सद्गुरु जी ने बताया कि यह एक परंपरा बन गई है कि बेटी या बेटे के जन्म पर पेड़ लगाओ। इसलिए आप भी पेड़ अवश्य लगाइए।
“उन्होंने सद्गुरु की प्रशंसा करते हुए कहा कि संत केवल ध्यान करने वाले नहीं होते, बल्कि समाज के उत्थान के लिए कार्य करने वाले भी होते हैं। शिवराज सिंह ने किसानों से ट्री-बेस्ड एग्रीकल्चर (वृक्ष आधारित कृषि) अपनाने की सलाह दी, जिससे उनकी आय कई गुना बढ़ सकती है।
यह मुलाकात शिवराज सिंह की वन पेड़ मां के नाम और वन प्लांट ए डे जैसी पहलों से जुड़ी है, जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।