March 12, 2026

नईदिल्ली। अमेरिकी मुद्रा के कमजोर रुख, वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और घरेलू शेयर बाजारों की सकारात्मक शुरुआत से रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में सात पैसे चढ़कर 85.46 प्रति डॉलर पर पहुंच गया।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने हालांकि कहा कि विदेशी पूंजी की निकासी ने स्थानीय मुद्रा की बढ़त को सीमित किया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 85.43 पर खुला। फिर 85.46 प्रति डॉलर पर लुढ़क गया जो पिछले बंद भाव से सात पैसे की बढ़त दर्शाता है।

रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 85.53 पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.02 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 108.02 अंक की बढ़त के साथ 82,623.16 अंक पर जबकि निफ्टी 38.7 अंक चढ़कर 25,180.10 अंक पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 66.81 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 446.31 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *