
जयपुर, 13 नवंबर (पीयूष पुरोहित ) राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार में बड़े बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं जोरों पर हैं कि राज्य सरकार जल्द ही नई कैबिनेट का गठन कर सकती है। मुख्यमंत्री की आज की दिल्ली यात्रा को इससे जोड़कर देखा जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, मौजूदा सभी मंत्रियों से इस्तीफा लिया जा सकता है, जिसमें कुछ अनुभवी चेहरे दोबारा जगह बना सकते हैं, जबकि नॉन-परफॉर्मर नेताओं का पत्ता साफ हो सकता है। यह कदम सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर उठाया जा रहा है, जिससे पार्टी के अंदर उत्साह और सतर्कता का माहौल बना रहे।
मुख्यमंत्री सहित कुल 24 मंत्री
वर्तमान में भजनलाल सरकार में मुख्यमंत्री सहित कुल 24 मंत्री हैं, जिसमें 12 कैबिनेट मंत्री, 4 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 5 राज्य मंत्री शामिल हैं। लेकिन संवैधानिक सीमा के तहत कुल 30 मंत्रियों तक विस्तार संभव है, जिसके लिए 6 सीटें अभी खाली हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री राजे के करीबियों को जगह मिलने की चर्चा
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह फेरबदल जातीय समीकरणों और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखकर किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के करीबियों को जगह मिलने की चर्चा तेज है। एक तरफ जहां कुछ मंत्रियों के विभागों में बड़े बदलाव की संभावना है, वहीं नई चेहरों को शामिल किया जायेगा।
सूत्र बताते हैं कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने चार-पांच मंत्रियों के कामकाज पर असंतोष जताया है, जिसके चलते उनके विभागों की समीक्षा की जा रही है। हालांकि, लोकसभा चुनावों के बाद से चली आ रही इन अटकलों को अब ठोस रूप मिलता दिख रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी संगठन स्तर पर मंत्रियों को नई जिम्मेदारियां सौंपने के संकेत दिए हैं, जो कैबिनेट विस्तार का हिस्सा हो सकता है।