February 1, 2026
  • भरतपुर पुलिस ने मोबाइल चैट के जरिए संगठित अपराध करने वाले गिरोह के सदस्य कृष्णा को दबोचा, आईफोन-15 जब्त

जयपुर/भरतपुर, 13 नवंबर। भरतपुर पुलिस ने संगठित अपराधों को अंजाम देने वाले गिरोह के एक महत्वपूर्ण सदस्य को गिरफ्तार कर अवैध हथियारों की तस्करी के एक नए तरीके का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपी कृष्णावतार उर्फ कृष्णा (30) निवासी हथैनी थाना चिकसाना मोबाइल फोन और व्हाट्सएप चैट जैसे ऑनलाइन माध्यमों का उपयोग करके अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त कर रहा था।
पुलिस अधीक्षक दिगंत आनन्द के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई को अवैध गतिविधियों के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म के दुरुपयोग पर एक बड़ा प्रहार माना जा रहा है। थाना मथुरागेट पुलिस को बुधवार 12 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि गोविंद गुप्ता अस्पताल के पास कृष्णावतार उर्फ कृष्णा नाम का एक शख्स अवैध हथियार और कारतूस लेकर खड़ा हो है। सूचना मिलते ही एएसआई दाता राम के नेतृत्व में जाप्ते ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपी की जेब से एक आईफोन-15 मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस ने जब्त किए गए आईफोन की गहनता से जाँच की। फोन की गैलरी में विभिन्न प्रकार के अवैध हथियारों के फोटो मिले। इसके अलावा व्हाट्सएप चैट को खंगाला गया तो यह बात सामने आई कि आरोपी कई मोबाइल नंबरों के माध्यम से अवैध पिस्टल, हथियार और कारतूसों की खरीदने और बेचने से संबंधित बातचीत कर रहा था। चैटिंग में अवैध हथियार की कीमत सहित फोटो भेजना पाया गया, जो स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि वह मोबाइल से चैट के जरिए संगठित अपराध को अंजाम दे रहा था।
आरोपी कृष्णा द्वारा अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करना और अन्य लोगों को सप्लाई करना किसी संगठित अपराध सिंडिकेट के सदस्य के रूप में कार्य करना था। सप्लाई किए गए इन हथियारों का उपयोग गंभीर अपराधों जैसे लूट, डकैती, अपहरण, हत्या और उद्दापन में किया जाता था। आरोपी कृष्णावतार के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे उसकी संगठित अपराधों में सक्रिय भूमिका सिद्ध होती है।
आरोपी कृष्णावतार के खिलाफ थाना मथुरागेट पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मिले आईफोन-15 को बतौर सबूत जब्त कर लिया है। अब पुलिस उससे इस अवैध नेटवर्क के संबंध में और जानकारी जुटाने के लिए गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि इस पूरे सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *