
जयपुर, 17 नवंबर। राजस्थान की प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा परिवर्तन करते हुए आज यहां सचिवालय परिसर में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी वी. श्रीनिवास ने मुख्य सचिव का पदभार संभाल लिया। उनके आगमन पर राज्य के शीर्ष अधिकारियों, मंत्रियों और कर्मचारियों ने भव्य स्वागत किया, जबकि पूर्व मुख्य सचिव सुधांशु पंत को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
नए मुख्य सचिव का स्वागत- अनुभव और दृढ़ संकल्प का प्रतीकसुबह करीब 11 बजे सचिवालय पहुंचे वी. श्रीनिवास का स्वागत मुख्य द्वार पर ही शुरू हो गया। राज्य के मुख्य सचिव कार्यालय के अधिकारियों, विभागाध्यक्षों और स्टाफ ने पारंपरिक तरीके से उनका अभिनंदन किया।
स्वागत समारोह में फूलमालाओं से सज्जित मंच पर श्रीनिवास को सम्मानित किया गया, जहां उन्होंने कहा, “मेरा प्रशासनिक सफर राजस्थान से ही शुरू हुआ था। वर्षों बाद अपनी कर्मभूमि पर लौटना गर्व का विषय है। हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना होगा।
विजन 2047 को साकार करने के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे।”1989 बैच के आईएएस अधिकारी श्रीनिवास पिछले सात वर्षों से केंद्र सरकार में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर तैनात थे, जिनमें प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग के सचिव और पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग के सचिव शामिल हैं।
दिल्ली के एम्स में डिजिटल सुधारों के लिए चर्चित श्रीनिवास ने बेल्जियम में इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव साइंसेज (IIAS) का चुनाव भी जीता है। उनकी नियुक्ति के साथ ही उन्हें राजस्थान राज्य खान एवं खनिज लिमिटेड (आरएसएमएमएल) का अध्यक्ष और दिल्ली में मुख्य आवासीय आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। यह जिम्मेदारियां राज्य के खनन क्षेत्र को मजबूत करने और केंद्र से समन्वय बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया
स्वागत समारोह के दौरान सचिवालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें राजस्थानी लोक नृत्यों के माध्यम से नए मुख्य सचिव का हार्दिक अभिनंदन किया गया। कई वरिष्ठ अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर भी श्रीनिवास को बधाई संदेश दिए, जहां #NewChiefSecretaryRajasthan टॉप ट्रेंडिंग बना रहा।
पूर्व मुख्य सचिव सुधांशु पंत को भावभीनी विदाई -दूसरी ओर, पूर्व मुख्य सचिव सुधांश पंत को उनके योगदान के लिए भावभीनी विदाई दी गई। 1991 बैच के आईएएस अधिकारी पंत ने पिछले एक वर्ष में राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विदाई समारोह में पंत को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया और सभी अधिकारियों ने उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।पंत ने विदाई भाषण में कहा, “राजस्थान की सेवा करना मेरे लिए सौभाग्य रहा। नए मुख्य सचिव श्रीनिवास के नेतृत्व में राज्य और प्रगति करेगा।” उनके कार्यकाल में स्वास्थ्य, शिक्षा और जल संरक्षण जैसे क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू हुईं, जिनकी सराहना पूरे राज्य में हुई। केंद्र में नई भूमिका संभालने के बावजूद पंत का राजस्थान से भावनात्मक लगाव बना रहेगा।