February 1, 2026

रतनगढ़ व सरदारशहर क्षेत्र के विकास कार्यों पर हुई विस्तृत चर्चा

जयपुर, सोमवार । राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री एवं रतनगढ़ क्षेत्र के वरिष्ठ नेता राजकुमार रिणवा ने सोमवार को जयपुर में राज्य की उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी से मुलाकात कर अपने क्षेत्र की विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने रतनगढ़ और सरदारशहर विधानसभा क्षेत्रों में राज्य सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।

रिणवा ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि बीते वर्षों में दोनों क्षेत्रों में सड़क, सिंचाई, बिजली एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिसके लिए जनता में राज्य सरकार के प्रति संतोष का भाव है। उन्होंने कहा कि कुछ बचे हुए सड़क कार्यों को शीघ्र पूरा करने की आवश्यकता है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुचारू रूप से हो सके।

उन्होंने विशेष रूप से मांगासर अंडरब्रिज के निर्माण कार्य को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर प्राथमिकता से पूरा कराने का आग्रह किया। यह अंडरब्रिज लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग रहा है, जिसके बनने से लोगों को रेलवे फाटक पर लगने वाली भीड़ और समय की बर्बादी से राहत मिलेगी।

इसके साथ ही रिणवा ने सरदारशहर विधानसभा क्षेत्र की तीन प्रमुख ग्रामीण सड़कों को ODR (Other District Road) से MDR (Major District Road) में परिवर्तित करने का प्रस्ताव उपमुख्यमंत्री को सौंपा। उन्होंने बताया कि इन सड़कों के अपग्रेड होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, कृषि उत्पादों की ढुलाई आसान होगी और पर्यटन व व्यापारिक गतिविधियों में भी बढ़ोतरी होगी।

उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी ने सभी प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिलाया और कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन सड़कों को आगामी बजट में शामिल करने पर सकारात्मक पहल की जाएगी।

बैठक के अंत में रिणवा ने उपमुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में विकास की गति और तेज हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रतनगढ़ और सरदारशहर क्षेत्र आने वाले समय में राज्य के आदर्श विकास मॉडल के रूप में उभरेंगे।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री रिणवा के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *