राष्ट्रपति से मोदी सरकार हटाने की मांग, कांग्रेस का देशव्यापी अभियान
चंडीगढ़/नई दिल्ली । कांग्रेस पार्टी के देशव्यापी ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ हस्ताक्षर अभियान को पंजाब में 27 लाख लोगों के हस्ताक्षर करवाए है ।
पार्टी के पंजाब प्रभारी एवं पूर्व छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज बताया कि पंजाब से अब तक लगभग 27 लाख फॉर्म भरकर जमा हो चुके हैं, जिनमें लोगों ने मोदी सरकार पर चुनावी धांधली और ईवीएम में गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाते हुए तुरंत सत्ता छोड़ने की मांग की है।
भूपेश बघेल ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से लिखा
“‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ हस्ताक्षर कैंपेन के तहत पंजाब से करीब 27 लाख फॉर्म भरे गए हैं। पंजाब के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसमें बढ़-चढ़कर काम किया है। सभी को बधाई। ये फॉर्म कांग्रेस के संगठन महासचिव श्री @kcvenugopalmp जी के पास जमा करवा दिए गए हैं। इन्हें हर राज्य से इकट्ठा किया जा रहा है। फिर एक तय समय पर इन्हें महामहिम राष्ट्रपति जी को सौंप दिया जाएगा।”
पंजाब कांग्रेस के नेताओं के अनुसार यह अभियान राज्य के हर जिले, ब्लॉक और गांव स्तर तक पहुंचा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में किसान, मजदूर और युवा बड़ी संख्या में इस कैंपेन से जुड़े हैं। कई जगहों पर तो एक ही परिवार के सभी वयस्क सदस्यों ने अलग-अलग फॉर्म भरे हैं।
कांग्रेस का दावा है कि देश के विभिन्न राज्यों से अब तक करोड़ों की संख्या में फॉर्म इकट्ठा हो चुके हैं। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल इन सभी फॉर्मों को एकत्रित कर रहे हैं और जल्द ही एक तय तारीख को लाखों-करोड़ों फॉर्म के बंडल लेकर कांग्रेस का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलकर इन्हें सौंपेगा। इसके साथ ही मोदी सरकार को हटाने और नए सिरे से निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की जाएगी।
पंजाब में इस अभियान को सफल बनाने में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, कार्यकारी अध्यक्ष भारत भूषण आशु, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर रंधावा सहित तमाम वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत की है।
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज होगा और देशभर से रिकॉर्ड संख्या में हस्ताक्षर इकट्ठा कर मोदी सरकार पर चौतरफा दबाव बनाया जाएगा।