
ऑकलैंड/सिडनी, 31 दिसंबर 2025: दुनिया ने नए साल 2026 का स्वागत शुरू कर दिया है। सबसे पहले न्यूजीलैंड के ऑकलैंड ने शानदार आतिशबाजी के साथ 2026 में कदम रखा। बारिश के बावजूद स्काई टावर से करीब 3,500 आतिशबाजियां छोड़ी गईं, जो 5 मिनट तक चलीं। हजारों लोग जुटे और इस खूबसूरत नजारे के गवाह बने।
इसके दो घंटे बाद ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में दुनिया की सबसे मशहूर आतिशबाजी हुई। हार्बर ब्रिज और ओपेरा हाउस पर लाखों की भीड़ जुटकर इस शानदार प्रदर्शन का आनंद लिया। इस बार जश्न में बॉन्डी बीच हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी गई – मिनट का मौन रखा गया और ब्रिज पर शांति व एकता के प्रतीक दिखाए गए। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जश्न पूरी तरह शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण रहा।

भारत में अभी नए साल का इंतजार है। भारतीय समयानुसार (IST) रात 12 बजे नया साल आएगा। गोवा, मुंबई, दिल्ली, मनाली, शिलांग समेत कई जगहों पर पार्टियां, बीच सेलिब्रेशन और आतिशबाजी की तैयारियां जोरों पर हैं। गोवा में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी है, जबकि मुंबई में मरीन ड्राइव और गेटवे ऑफ इंडिया पर लाखों लोग जुटने की उम्मीद है। दिल्ली में कनॉट प्लेस और इंडिया गेट पर विशेष व्यवस्था की गई है। पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है और ड्रंक ड्राइविंग पर सख्ती बरती जा रही है।