भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र में 52वीं राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी-2025 का शुभारंभ किया।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का स्वागत एक बाल वैज्ञानिक द्वारा बनाए गए रोबोट ने किया। इसके बाद डॉ. यादव ने देश भर से आए बच्चों के 240 से अधिक वैज्ञानिक मॉडलों का बारीकी से अवलोकन किया और बच्चों से उनके प्रोजेक्ट्स पर चर्चा की।
इस मौके पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मध्य प्रदेश सरकार भी बच्चों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने सभी बाल वैज्ञानिकों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि आप जैसे नवाचारी बच्चे ही विकसित भारत की नींव बनेंगे।
प्रदर्शनी में 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए करीब 900 विद्यार्थी और शिक्षक शामिल हुए हैं। ये बच्चे पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, कृषि, कचरा प्रबंधन और तकनीकी नवाचार जैसे विषयों पर अपने मॉडल प्रस्तुत कर रहे हैं।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक-विद्यार्थी उपस्थित रहे।