
जयपुर, 30 दिसंबर 2025: राजस्थान की राजधानी जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र के सांगानेर में स्थित एक 55 वर्ष पुराने शिव-राधाकृष्ण मंदिर में सोमवार देर रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने मंदिर से करीब 1.25 किलोग्राम चांदी का वर्क, राधाकृष्ण मूर्ति का चांदी का मुकुट, 2 किलोग्राम का चांदी का छत्र, कंठहार और बांसुरी जैसी कीमती वस्तुएं चुरा लीं। इसके अलावा बदमाशों ने मूर्तियों को खंडित कर अपने साथ ले गए, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था को गहरी ठेस पहुंची है।
मंगलवार सुबह पुजारी कमलेश शर्मा मंदिर पहुंचे तो चोरी और तोड़फोड़ का पता चला। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरों की पूरी करतूत कैद हो गई है, जिसमें वे मूर्तियों को नुकसान पहुंचाते और सामान चुराते दिख रहे हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और जल्द चोरों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
यह इस मंदिर में चौथी चोरी की घटना है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ों लोग मंदिर पर जुट गए और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। आक्रोशित लोगों ने रामपुरा रोड पर धरना देकर प्रदर्शन किया और चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा मंदिर की बेहतर सुरक्षा की मांग की।