February 1, 2026

गुवाहाटी। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच गुवाहाटी टेस्ट का आज तीसरा दिन है। दो दिन का खेल पूरी तरह से दक्षिण अफ्रीका के नाम रहा। उसने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 489 रन बनाए। फिलहाल भारत की दूसरी पारी जारी है।

भारत की आधी टीम पवेलियन लौटी
भारत की आधी टीम पवेलयिन लौट चुकी है। 105 के स्कोर पर टीम इंडिया को पांचवां झटका लगा। कप्तान ऋषभ पंत सात रन बनाकर मार्को यानसेन की गेंद पर आउट हुए। गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के पास गई। इतना मोटा किनारा लगने के बावजूद पंत ने डीआरएस लिया।
जडेजा और नीतीश रेड्डी क्रीज पर
फिलहाल जडेजा और नीतीश रेड्डी क्रीज पर हैं। भारत का स्कोर एक वक्त 95 पर एक था। इसके बाद स्कोर 105 पर पांच है। टीम को फॉलोऑन बचाने के लिए कुल 290 रन बनाने हैं। यानी भारतीय टीम को अब भी 185 रन की जरूरत है। दक्षिण अफ्रीका ने 489 रन बनाए थे, यानी टीम इंडिया 384 रन पीछे है।
इससे पहले केएल राहुल 22 रन, यशस्वी जायसवाल 58 रन, साई सुदर्शन 15 रन और ध्रुव जुरेल खाता खोले बिना पवेलियन लौट चुके हैं। हार्मर और यानसेन को दो-दो विकेट मिले हैं, जबकि महाराज को एक विकेट मिला है।

दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाज बरपा रहे हैं कहर
दो दिन तक बल्लेबाजी में दबदबा बनाने के बाद अब दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाज कहर बरपा रहे हैं। उनका खेल देखकर लग रहा है कि भारत नहीं दक्षिण अफ्रीका घरेलू परिस्थितियों में खेल रहा है। दो घंटे के अंदर भारत ने चार शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए हैं। भारत ने जब तीसरे दिन खेलना शुरू किया तो स्कोर बिना विकेट गंवाए नौ रन था और अब चायकाल तक भारत का स्कोर चार विकेट पर 102 रन है। भारत अब भी दक्षिण अफ्रीका से 387 रन पीछे है। फिलहाल कप्तान पंत और जडेजा नाबाद हैं। भारत को फॉलोऑन बचाने के लिए 290 रन बनाने हैं और इससे टीम इंडिया अभी 188 रन पीछे है।

भारत का स्कोर एक वक्त 95 पर एक था और सात रन बनाने में भारत ने तीन और विकेट गंवा दिए। केएल राहुल के रूप में आज भारत को पहला झटका लगा। वह 22 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद यशस्वी ने टेस्ट करियर का 13वां अर्धशतक पूरा किया। वह 58 रन बनाकर आउट हुए। साई सुदर्शन और ध्रुव जुरेल मौका भुनाने में नाकामयाब रहे। सुदर्शन 15 रन और जुरेल खाता खोले बिना आउट हुए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से साइमन हार्मर ने दो विकेट लिए हैं, जबकि केशव महाराज को एक विकेट मिला है। एक विकेट यानसेन ने लिया है। भारत ने आज पहले सत्र में 29.3 ओवर में 93 रन बनाने में चार विकेट गंवाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *