
इंडियन हाई कमीशन ने आक्रोश जताते हुए इसे शर्मनाक कृत्य बताया
नई दिल्ली। लंदन के टैविस्टॉक स्क्वायर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा में तोड़फोड़ के बाद इंडियन हाई कमीशन ने लंदन हाईकमीशन से इस मामले की जांच की मांग की। 2 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस से पहले ब्रिटेन में सोमवार को यह घटना हुई। इंडियन हाई कमीशन ने आक्रोश जताते हुए इसे शर्मनाक कृत्य बताया।
इंडियन हाई कमीशन ने जताया दुख
भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि हाई कमीशन लंदन के टैविस्टॉक स्क्वायर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ हुई इस शर्मनाक तोड़फोड़ पर गहरा दुख व्यक्त करता है और इसकी कड़ी निंदा करता है। यह सिर्फ तोड़फोड़ नहीं है, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस से तीन दिन पहले अहिंसा के विचार और महात्मा गांधी की विरासत पर एक हिंसक हमला है।
संयुक्त राष्ट्र ने किया ऐलान
पोस्ट में आगे कहा गया कि लंदन हाई कमीशन ने तत्काल कार्रवाई के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया है। हमारी टीम पहले से ही घटनास्थल पर मौजूद है और प्रतिमा को उसके मूल स्वरूप में पुनर्स्थापित करने के लिए अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही है। आपको बता दें कि संयुक्त राष्ट्र ने गांधी जयंती को अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में मनाने का ऐलान किया है।