
जयपुर, 21 जनवरी 2026 ।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने आज भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की जनता बुरी तरह परेशान है और सरकार कानून-व्यवस्था पर पूरी तरह असफल साबित हो रही है।
डोटासरा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “राजस्थान की जनता आज बुरी तरह त्रस्त है। स्कूलों में पढ़ाई ठप है, बुजुर्गों को पेंशन नहीं मिल रही, गरीबों का इलाज नहीं हो रहा, सड़कें टूटी पड़ी हैं, पीने का पानी नहीं है। अपराध इतना बढ़ चुका है कि आम आदमी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। माताओं-बहनों के साथ हर दिन दरिंदगी की घटनाएं सामने आ रही हैं, गुंडे खुलेआम फिरौती मांग रहे हैं, धमकाकर वसूली कर रहे हैं और माफिया पूरी तरह राजस्थान को जकड़ चुका है।
“उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार इन असली समस्याओं का समाधान करने के बजाय असंवैधानिक कानून लाकर और असंवैधानिक भाषा बोलकर केवल दंगे भड़काने और अपनी नाकामियों को छिपाने की साजिश रच रही है। डोटासरा ने इसे ‘गुजरात मॉडल’ बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार डर और भय का माहौल थोपना चाहती है।
डोटासरा ने चेतावनी दी, “हम सड़क पर भी लड़ेंगे और सदन में भी लड़ेंगे। सत्ता के नशे में डूबे भाजपाईयों को केवल राज चाहिए, चाहे प्रदेश अशांत हो जाए। ये लोग भूल रहे हैं कि राजस्थान वीरों की धरती है, महाराणा प्रताप का प्रदेश है, जो कभी नहीं झुकेगा। यहां इनकी नापाक इरादे नहीं चलेंगे।”उन्होंने कहा कि पंचायत राज, नगर निकाय और आने वाले हर चुनाव में जनता भाजपा को करारा जवाब देगी।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब कांग्रेस ने हाल ही में प्रस्तावित Disturbed Areas Bill, 2026 को असंवैधानिक करार देते हुए इसका विरोध किया है, जिसे सरकार ने कैबिनेट से मंजूरी दी है। कांग्रेस का दावा है कि यह बिल मौजूदा कानूनों से बेहतर नहीं है और इसका मकसद सामाजिक सद्भाव बिगाड़ना तथा असली मुद्दों से ध्यान हटाना है।भाजपा की ओर से अभी तक इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन पार्टी पहले ऐसे आरोपों को खारिज कर चुकी है और दावा करती रही है कि कानून-व्यवस्था सुधारने के साथ ही विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं।