
नई दिल्ली, 14 दिसंबर। कांग्रेस पार्टी की ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ महारैली में रामलीला मैदान पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाजपा, चुनाव आयोग और आरएसएस पर तीखा हमला बोला। हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में राहुल गांधी ने कहा कि देश में सत्य और असत्य की लड़ाई चल रही है, और कांग्रेस सत्य के साथ खड़ी होकर नरेंद्र मोदी-अमित शाह की ‘आरएसएस सरकार’ को सत्ता से हटा देगी।
राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधु तथा विवेक जोशी का नाम लेकर आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के साथ मिलकर काम कर रहा है। उन्होंने कहा, “आप भारत के चुनाव आयुक्त हैं, नरेंद्र मोदी के नहीं। मोदी जी ने कानून बदलकर आपको इम्यूनिटी दे दी है, लेकिन हम सत्ता में आएंगे तो यह कानून रेट्रोस्पेक्टिवली बदलेंगे और आपके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।

“आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के हालिया बयान का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा, “मोहन भागवत कहते हैं कि सत्य का कोई मतलब नहीं, सत्ता महत्वपूर्ण है। लेकिन हमारी विचारधारा, हिंदुस्तान की विचारधारा कहती है कि सत्य सबसे ऊपर है। मैं आपको गारंटी देता हूं कि सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलकर हम मोदी, शाह और आरएसएस सरकार को हटा देंगे।
“उन्होंने अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा, “संसद में चुनाव आयोग के लिए सफाई देते समय अमित शाह के हाथ कांप रहे थे। क्योंकि भाजपा वाले सत्ता में रहते हुए ही बहादुर होते हैं। सत्ता गई तो बहादुरी भी चली जाएगी। वोट चोरी भाजपा के डीएनए में है।”रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा को ‘गद्दार और ड्रामेबाज’ करार दिया और कहा कि आरएसएस-मनुस्मृति की विचारधारा देश को बर्बाद कर देगी। केवल कांग्रेस की विचारधारा ही संविधान और लोकतंत्र को बचा सकती है।

यह रैली कांग्रेस के देशव्यापी ‘वोट चोरी’ अभियान का क्लाइमेक्स थी, जिसमें पार्टी ने 5 करोड़ से अधिक हस्ताक्षर इकट्ठा किए। कांग्रेस का आरोप है कि विशेष गहन संशोधन (SIR) के जरिए गरीब, दलित और अल्पसंख्यक वोटरों के नाम काटे जा रहे हैं। भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह घुसपैठियों को बचाने की कोशिश है।
रैली में सोनिया गांधी, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। यह आयोजन आगामी चुनावों से पहले कांग्रेस की आक्रामक रणनीति का संकेत माना जा रहा है।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने भाजपा को बैलेट पेपर से चुनाव लड़ने की चुनौती दी और कहा, “भाजपा जानती है कि बैलेट पेपर से चुनाव हुए तो वे कभी जीत नहीं पाएंगे। चुनाव प्रक्रिया का हर कदम संदेहास्पद बना दिया गया है।” उन्होंने चुनाव आयुक्तों के नाम लेते हुए कहा, “ये तीनों चुनाव आयुक्त एक दिन देश को जवाब देंगे कि कैसे उन्होंने लोकतंत्र को कमजोर किया और वोटिंग का अधिकार छीनने की साजिश की।

“सचिन पायलट ने कहा कि पिछले 11 सालों में सरकार ने संस्थाओं को खोखला करने का माहौल बनाया है। चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि इस लड़ाई की शुरुआत करें और संस्थाओं को बचाएं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा को ‘गद्दार और ड्रामेबाज’ करार दिया और कहा, “भाजपा और आरएसएस की विचारधारा देश को बर्बाद कर देगी। केवल कांग्रेस की विचारधारा ही संविधान और लोकतंत्र को बचा सकती है। इन गद्दारों को सत्ता से हटाना होगा।” उन्होंने लोगों से अपील की कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ मिलकर कांग्रेस विचारधारा को मजबूत करें, क्योंकि यही देश को बचा सकती है। खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी पर भी निशाना साधा और कहा कि वे संसद में सवालों का जवाब नहीं देते।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (RPCC) के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मंच से उत्साहपूर्ण भाषण दिया। उन्होंने राजस्थान से रैली में पहुंची भारी भीड़ का जिक्र करते हुए भाजपा, चुनाव आयोग और आरएसएस पर तीखा प्रहार किया, साथ ही राहुल गांधी को देश का अगला प्रधानमंत्री बताकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा।