
एनसीआरबी की रिपोर्ट को लेकर बोले बेडम
जयपुर, 02 अक्टूबर 2025। गृहराज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने राष्ट्रीय अपराध नियंत्रण ब्यूरो की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कांग्रेस की पूर्ववर्ती गहलोत सरकार पर तीखा हमला किया।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए बेढ़म ने कहा कि राजस्थान में पूर्ववर्ती गहलोत सरकार के कार्यकाल में अपराधों में बेहताशा इजाफा हो रहा था, हालात इस कदर बिगड़ गए थे कि समूचे राजस्थान में जंगलराज बन गया था। इसके बावजूद कांग्रेसी नेता गहलोत,डोटासरा जनता को गुमराह करते रहे।
एनसीआरबी की रिपोर्ट के आधार पर 2023 में गहलोत के कार्यकाल में राजस्थान में बलात्कार, महिला हिंसा, एसटी—एसटी अपराध, साइबर अपराधों में लगातार बढ़ोतरी हुई थी। वहीं भाजपा की भजनलाल सरकार के राज में 2024 में सभी अपराधों पर नियंत्रण किया गया और इनका ग्राफ तेजी से नीचे आ रहा है। ऐसे में एनसीआरबी की रिपोर्ट के आधार पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को पश्चाताप करते हुए अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

गृहराज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने बताया कि भजनलाल सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई है। राजस्थान पुलिस का ध्येय वाक्य ‘आमजन में विश्वास, अपराधियों में डर’ चरितार्थ हो रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मजबूत इरादों और दृढ़ इच्छा शक्ति के चलते राजस्थान पुलिस अपराधियों के खिलाफ जमकर कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2023 की तुलना में 2024 में 13 प्रतिशत हत्या के मामलों में कमी आई है। वहीं हत्या का प्रयास मामलों में 2 प्रतिशत, डकैती में 20 प्रतिशत, बलवा में 76 फीसदी और बलात्कार के मामलों में 7 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। इतना ही नहीं, गहलोत की पूर्ववर्ती सरकार की तुलना में भजनलाल सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ खुलकर कार्रवाई कर रही है। भजनलाल सरकार में महिला अत्याचार के 21 फीसदी मामलों में कमी दर्ज की गई। वहीं एससी एसटी के विरूद्ध अत्याचार मामलों में 18 फीसदी, लूट में 17 प्रतिशत, संपत्ति संबंधी अपराध में 48 प्रतिशत की कमी आई है। इसके बावजूद भी कांग्रेसी नेता अपने बडबोलपन के चलते प्रदेश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे है, लेकिन राजस्थान में अब भजनलाल शर्मा की सरकार है, प्रदेश की जनता को जंगलराज से अब छुटकारा मिल गया है।
गृहराज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि प्रदेश के मुखिया भजनलाल शर्मा की दृढ़ इच्छाशक्ति के चलते राजस्थान पुलिस का मनोबल लगातार बढ़ रहा है।
राजस्थान पुलिस ने साइबर अपराध को कम करने की दिशा में भी सराहनीय कार्य किया और आमजन को ठगी से बचाने के लिए राजस्थान पुलिस हैकथॉन, आपरेशन एंटी वाइरस, आपरेशन साइबर शील्ड जैसे विशेष अभियान चलाए।इनके चलते 2023 की तुलना में जून 2024 में साइबर अपराध में 31 फीसदी कमी दर्ज की गई, जबकि जून 2025 में 68 फीसदी साइबर अपराध नियंत्रित किया गया। यह राजस्थान सरकार की इच्छा शक्ति और पुलिस की प्रभावी कार्रवाई के चलते संभव हो पाया है।