October 7, 2025
श्यामपुरा में शहीद गूजरमल की प्रतिमा का अनावरण

बयाना के शहीद गूजरमल की प्रतिमा का अनावरण

भरतपुर। राजस्थान के गृह राज्यमंत्री जवाहरसिंह बेढम ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को आदर्श मानकर युवा देश सेवा के लिए आगे आएं। देश के लिए शहादत देने वाले शहीद हमेशा पूजे जाएंगे, उनके बलिदान के कारण ही देश सुरक्षित है।

गृह राज्यमंत्री गुरुवार को भरतपुर जिले के बयाना के ग्राम श्यामपुरा में शहीद गूजरमल की प्रतिमा अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर आतंकवाद के खिलाफ खड़ा हुआ है। हमारे वीर सैनिकों ने भारत की सीमाओं पर अडिग रहकर दुश्मन देशों और आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है।

उन्होंने कहा कि जवान गूजरमल ने देश की सेवा में प्राण न्यौछावर कर सर्वोच्च बलिदान दिया है। इसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। वे युवाओं के लिए हमेशा मार्गदर्शन का कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के समय हमारी सेना के जवानों ने पूरे विश्व को अपनी वीरता और कौशल से बता दिया कि भारत अब 21वीं सदी का सशक्त और मजबूत इरादों वाला देश है।

मंत्री बेढम ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों, उद्यमियों सहित सभी वर्गों के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर बलिदान देने वाले शहीद किसी एक वर्ग या क्षेत्र के नहीं होते। आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान को हमेशा याद रखेंगी। सैनिक कल्याण बोर्ड के माध्यम से सरकार पूर्व सैनिकों, शहीद परिवारों, वीरांगनाओं और आश्रितों के लिए भी कल्याणकारी योजनाएं चलाकर उनके साथ खड़ी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *