नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने विपक्षी इंडिया गठबंधन से अलग होने का ऐलान कर दिया है। आप की लोकसभा चुनाव के बाद से ही गठबंधन से दूर चल रही थी। हाल ही में पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की थी कि उनकी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। पार्टी ने ये घोषणा ऐसे वक्त की है, जब संसद का मानसून सत्र शुरू होने वाला है।
राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा- इंडिया गठबंधन गठबंधन का गठन विशेष रूप से 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए किया गया था। गठबंधन की वजह से विपक्षी पार्टियों को 240 सीटें मिलीं, जो एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आप अब इंडिया गठबंधन गठबंधन का हिस्सा नहीं है। फिलहाल जनता के सामने भाजपा और कांग्रेस एक-दूसरे के विरोधी बनने का नाटक करते हैं, लेकिन असल में दोनों ने आपस में गुप्त गठबंधन कर रखा है।”
बिहार चुनाव पर भी पड़ सकता है असर
बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होना है। यहां राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की अगुवाई वाले महागठबंधन और भाजपा की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में मुख्य मुकाबला है।
आप ने ऐलान किया है कि वो बिहार चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। इसके अलावा केजरीवाल ने ये भी कहा था कि पंजाब और गुजरात में भी उनकी पार्टी अकेले लड़ेगी और सरकार बनाएगी। इससे कई पार्टियों की चिंताएं बढ़ सकती हैं।