February 1, 2026

 मसौदा सूची में 2.89 करोड़ नाम हटे

लखनऊ, 6 जनवरी 2026 ।  उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भारत निर्वाचन आयोग ने आज मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची (मसौदा निर्वाचक नामावली) जारी कर दी है। इस ड्राफ्ट सूची में कुल 12.55 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम शामिल हैं, जबकि SIR से पहले राज्य में करीब 15.44 करोड़ मतदाता दर्ज थे। इस तरह लगभग 2.89 करोड़ नाम सूची से हटाए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा मतदाता सूची सफाई अभियान है। हटाए गए नामों में मुख्य रूप से मृत मतदाता (46.23 लाख), स्थायी रूप से स्थानांतरित हुए मतदाता (2.17 करोड़), डुप्लीकेट प्रविष्टियां (25.47 लाख) और अनुपस्थित/अनमैप्ड मतदाता शामिल हैं। आयोग ने स्पष्ट किया कि किसी भी नाम को बिना नोटिस के नहीं हटाया गया है।

  1. दावा और आपत्ति की प्रक्रिया
    अगर आपका नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं है, गलत है या कोई अन्य सुधार चाहिए, तो 6 जनवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 तक दावा या आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
    नए नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, सुधार के लिए फॉर्म-8 और आपत्ति के लिए फॉर्म-7 भरें।
    आवेदन ऑनलाइन (voters.eci.gov.in या ECINET ऐप पर) या ऑफलाइन (बूथ लेवल अधिकारी – BLO के पास) जमा किया जा सकता है।अनमैप्ड मतदाताओं को नोटिस भेजा जाएगा, वे दस्तावेजों के साथ नाम बहाल करवा सकते हैं।
    11 जनवरी को सभी मतदान केंद्रों पर BLO मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे।
    नाम कैसे चेक करें?
    आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in पर जाएं।
    ‘Special Intensive Revision (SIR) – 2026’ सेक्शन में EPIC नंबर या अन्य डिटेल्स से सर्च करें।
    जिला/विधानसभा स्तर पर PDF डाउनलोड करें: ceo.uttarpradesh.nic.in या संबंधित जिला वेबसाइट पर उपलब्ध।
    अपने मतदान केंद्र पर BLO से भी सूची देख सकते हैं।
    दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची 6 मार्च 2026 को जारी की जाएगी। यह सूची आगामी चुनावों के लिए आधार बनेगी। निर्वाचन आयोग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे तुरंत अपनी जानकारी जांच लें और जरूरत पड़ने पर समय रहते आवेदन करें, ताकि मताधिकार से वंचित न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *