नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 से पहले बड़ा झटका लगाते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेश के स्टार तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज कर दिया है। यह फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के औपचारिक निर्देश पर लिया गया है।
बीसीसीआई ने “हालिया घटनाक्रमों” (recent developments) का हवाला देते हुए KKR को यह निर्देश दिया।BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, “चारों तरफ जो हालिया घटनाक्रम चल रहे हैं, उनके चलते BCCI ने फ्रेंचाइजी केकेआर को अपनी टीम से बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया है।” उन्होंने आगे जोड़ा कि अगर केकेआर रिप्लेसमेंट प्लेयर चाहेगी, तो BCCI अनुमति देगा।
क्यों लिया गया यह फैसला ?
दिसंबर 2025 में आईपीएल 2026 मिनी-ऑक्शन में KKR ने मुस्तफिजुर को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था – वे IPL इतिहास के सबसे महंगे बांग्लादेशी खिलाड़ी बने। खरीदारी के बाद बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हमलों की खबरों ने विवाद खड़ा कर दिया। राजनीतिक दलों, धार्मिक समूहों और सोशल मीडिया पर भारी विरोध हुआ, KKR सह-मालिक शाहरुख खान को भी निशाना बनाया गया। भारत ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर चिंता जताई, जिससे दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ा। बीसीसीआई ने इसे “निवारक कदम” बताते हुए हस्तक्षेप किया, ताकि आपीएल पर कोई असर न पड़े।
केकेआर का आधिकारिक बयान
केकेआर ने शनिवार (3 जनवरी 2026) को बयान जारी कर कहा: “कोलकाता नाइट राइडर्स पुष्टि करती है कि आईपीएल के नियामक BCCI/आईपीएल ने आगामी IPL सीजन से पहले मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया है।
यह रिलीज उचित प्रक्रिया और परामर्श के बाद की गई है। BCCI आईपीएल नियमों के अनुसार केकेआर को रिप्लेसमेंट प्लेयर की अनुमति देगा।”मुस्तफिजुर का IPL करियर आईपीएल में 60 मैचों में 65 विकेट।
2016 में सनराइजर्स हैदराबाद के साथ डेब्यू, उसी साल चैंपियन टीम का हिस्सा। दिल्ली कैपिटल्स में भी खेल चुके हैं। इस सीजन में केकेआर के लिए पहली बार खेलने वाले थे, लेकिन अब बाहर।
आगे क्या?
केकेआर को 9.20 करोड़ का पर्स बैक मिल सकता है, जिससे वे नया विदेशी तेज गेंदबाज खरीद सकते हैं।
आईपीएल 2026 मार्च-मई में होगा, मुस्तफिजुर अब बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) में रंगपुर राइडर्स के लिए खेल रहे हैं।
यह फैसला खेल और भू-राजनीति के मेल का उदाहरण है।