February 1, 2026


नई दिल्ली, 28 दिसंबर । भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने आज अपना 140वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। पार्टी मुख्यालय इंदिरा भवन में आयोजित समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी का झंडा फहराया। इस मौके पर कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी,महासचिव केसी वेणुगोपाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।j


भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना 28 दिसंबर 1885 को मुंबई (तत्कालीन बॉम्बे) के गोकुलदास तेजपाल संस्कृत कॉलेज में 72 प्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुई थी। इसके संस्थापक महासचिव एओ ह्यूम थे और व्योमेश चंद्र बनर्जी पहले अध्यक्ष बने। आज 140 वर्ष पूरे होने पर पार्टी ने अपनी गौरवशाली यात्रा को याद किया, जिसमें स्वतंत्रता संग्राम, संविधान निर्माण और राष्ट्र निर्माण की भूमिका प्रमुख रही।


खड़गे का संदेश और संबोधन
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सभी कांग्रेसजनों और देशवासियों को स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा, “भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने हमेशा लोगों के कल्याण, सशक्तिकरण और समावेशी विकास के लिए काम किया है। हम राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अधिकारों में समान अवसर पर दृढ़ता से विश्वास करते हैं, जैसा कि भारतीय संविधान में गारंटी दी गई है। कांग्रेस की 140 वर्षीय गौरवशाली इतिहास सत्य, अहिंसा, त्याग, संघर्ष और देशभक्ति की महान गाथा है।”
झंडा फहराने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए खड़गे ने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी और महात्मा गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस द्वारा महिलाओं, गरीबों और सभी वर्गों को राष्ट्रीय आंदोलन में जोड़ने की बात याद की।

उन्होंने 1931 के कराची अधिवेशन के प्रस्ताव को संविधान की आधारशिला बताया। खड़गे ने चेतावनी दी कि वर्तमान में देश में लोकतंत्र खतरे में है और सत्ता में बैठे लोग नफरत, अन्याय और अत्याचार को बढ़ावा दे रहे हैं, लेकिन कांग्रेस इनके खिलाफ पूरी ताकत से लड़ रही है।


उन्होंने कहा, “कांग्रेस एक विचारधारा है और विचारधाराएं कभी मरती नहीं।” साथ ही, पार्टी कार्यकर्ताओं से संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया।
राहुल गांधी का संदेश
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने स्थापना दिवस पर कहा, “कांग्रेस सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि भारत की आत्मा की आवाज है। यह हमेशा कमजोरों, वंचितों और मेहनतकश लोगों के साथ खड़ी रही है।” उन्होंने पार्टी की ऐतिहासिक विरासत को श्रद्धांजलि दी और सभी कांग्रेसजनों को बधाई दी। राहुल ने संकल्प लिया कि पार्टी सत्य, संविधान और न्याय की लड़ाई को और मजबूती से लड़ेगी।
देशभर में उत्सव– दिल्ली के अलावा देशभर में कांग्रेस इकाइयों ने स्थापना दिवस मनाया। बेंगलुरु में कर्नाटक मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कार्यक्रम में भाग लिया। तेलंगाना, बिहार, पटना सहित कई राज्यों में पदयात्राएं, सेमिनार और श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित हुईं। पार्टी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर भी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई दी।
कांग्रेस ने इस अवसर पर अपने संकल्प को दोहराया कि वह संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। पार्टी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां सत्ता पक्ष नफरत और अन्याय फैला रहा है, वहीं कांग्रेस इनके खिलाफ डटी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *