
कांग्रेस 5 जनवरी से शुरू करेगी ‘मनरेगा बचाओ अभियान’
नई दिल्ली, 27 दिसंबर 2025: कांग्रेस वर्किंग कमिटी (CWC) की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर मनरेगा (MGNREGA) को खत्म करने को लेकर जोरदार हमला बोला।
उन्होंने इसे गरीबों, राज्यों और संघीय ढांचे पर ‘विनाशकारी हमला’ करार दिया।राहुल गांधी ने कहा, “मनरेगा सिर्फ एक योजना नहीं थी, बल्कि यह काम के अधिकार पर आधारित एक वैश्विक स्तर पर सराही गई विकास की परिकल्पना थी। मोदी जी ने कैबिनेट से पूछे बिना, बिना किसी अध्ययन के अकेले मनरेगा को खत्म कर दिया। यह नोटबंदी जैसा विनाशकारी कदम है।”उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा के खात्मे का एकमात्र मकसद है:गरीबों से रोजगार का अधिकार छीनना, राज्यों से आर्थिक और राजनीतिक शक्ति छीनना, और उस पैसे को अरबपति मित्रों को सौंपना।
राहुल ने चेतावनी दी कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था तबाह होगी, रोजगार खत्म होंगे और सबसे ज्यादा नुकसान आदिवासी, दलित, ओबीसी, गरीब सामान्य वर्ग और अल्पसंख्यकों को होगा। “जब गांव कमजोर होंगे, तो देश कमजोर होगा।

“कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ऐलान किया कि पार्टी 5 जनवरी 2026 से पूरे देश में ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ शुरू करेगी। यह अभियान विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) एक्ट (VB-G RAM G Act) के खिलाफ होगा, जो हाल ही में संसद में पास हुआ और मनरेगा की जगह ले चुका है।
खड़गे ने कहा, “यह यूपीए की दूरदर्शी योजना थी, जिसे दुनिया भर में सराहा गया। मोदी सरकार ने बिना मूल्यांकन या राज्यों से सलाह के इसे खत्म कर दिया। हम इसे वापस लाने तक लड़ेंगे।”कांग्रेस का दावा है कि नया कानून सत्ता और वित्त का केंद्रीकरण कर रहा है, जबकि मनरेगा पंचायती राज को मजबूत करता था। विपक्ष एकजुट होकर इस फैसले का मुकाबला करेगा।