
नई दिल्ली, 13 दिसंबर 2025। दिल्ली के रामलीला मैदान में कल 14 दिसंबर को कांग्रेस पार्टी की बड़ी महारैली करने वाली है। ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ नाम की इस रैली में पार्टी कथित ‘वोट चोरी’ और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश रची जा रही है।कल की इस रैली पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं। क्या यह कांग्रेस के लिए नई राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन बनेगी, यह देखना दिलचस्प होगा !
रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल समेत कई बड़े नेता संबोधित करेंगे। पार्टी ने दावा किया है कि देशभर से लाखों कार्यकर्ता जुटेंगे और पांच करोड़ हस्ताक्षरों की मुहिम का प्रदर्शन किया जाएगा। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने इसे पार्टी की अब तक की सबसे बड़ी रैली बताया।

बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश,राजस्थान सहित कई राज्यों से कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं। हालांकि, इंडिया गठबंधन के अन्य दलों को निमंत्रण नहीं भेजा गया है, जिसे पार्टी ने अपना आंतरिक आयोजन बताया।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, “चुनाव आयोग तटस्थ नहीं रह गया है, हम लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क पर उतर रहे हैं।”रामलीला मैदान में तैयारियां जोरों पर हैं।
रैली दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगी
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के अनुसार रैली दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगी। यह आयोजन शीतकालीन सत्र के दौरान हो रहा है, जब संसद में भी इस मुद्दे पर हंगामा होने की संभावना है। कांग्रेस का कहना है कि यह रैली संविधान और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई का प्रतीक बनेगी।