
जयपुर, 27 नवंबर । भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने राजस्थान में अपनी नई प्रदेश कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया है। लगभग 18 महीनों के लंबे इंतजार के बाद यह घोषणा की गई, जिसमें 34 सदस्यों की सूची जारी की गई है। इसमें 7 महिलाओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
नई कार्यकारिणी में सोशल इंजीनियरिंग का पूरा ध्यान रखा गया है, जिसमें विभिन्न जातियों, क्षेत्रों और वर्गों के नेताओं को स्थान दिया गया। प्रमुख नियुक्तियों में दौसा से भूपेंद्र सैनी को महामंत्री बनाया गया है। इसके अलावा:
सीकर से श्रवण सिंह बागड़ी को महामंत्री पद। हनुमानगढ़ से कैलाश मेघवाल को महामंत्री। अजमेर से मिथिलेश गौतम को भी महामंत्री बनाया है ।
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा, “यह टीम पार्टी को नई ऊर्जा देगी। सभी पदाधिकारी संगठन को ग्रामीण स्तर तक मजबूत करेंगे और आगामी चुनौतियों के लिए तैयार रहेंगे।”
कार्यकारिणी में युवाओं के साथ-साथ अनुभवी नेताओं को भी तरजीह दी गई है, जो पार्टी की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।
भूपेंद्र सैनी का कार्यालय में भव्य स्वागत-
महामंत्री पद पर नियुक्ति मिलने पर भूपेंद्र सैनी का बीजेपी प्रदेश कार्यालय में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। बीजेपी नेता महेश व्यास सहित कई अन्य नेताओं ने जयपुर स्थित प्रदेश मुख्यालय में पहुंचते ही सैनी का स्वागत किया ।