March 13, 2026

जमुई । बिहार सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने के बाद श्रेयसी सिंह आज अपने पैतृक आवास गिद्धौर (जमुई, बिहार) पहुंचीं, जहां उनका जोरदार और भावनात्मक स्वागत हुआ। घर के मुख्य द्वार पर उनकी मां ने पारंपरिक विधि से आरती उतारकर उनका स्वागत किया और बेटी की उपलब्धि पर गर्व जताया। श्रेयसी सिंह ने चरण स्पर्श कर मां से आशीर्वाद लिया।

घर में प्रवेश करते ही महिलाओं ने मंगलगीत गाए और ढोल-नगाड़ों की थाप से पूरा वातावरण उत्साह और उल्लास से भर गया।

इसके बाद उन्होंने अपने भाई से मुलाकात की। भाई ने गले लगाकर उन्हें बधाई दी और कहा कि यह पूरे परिवार और क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है। दोनों के बीच भावुक पल देखने को मिला।

गिद्धौर में उनके समर्थक और ग्रामीण बड़ी संख्या में घर के बाहर जुटे रहे। लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और मंत्री बनने पर शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों ने कहा कि श्रेयसी सिंह के मंत्री बनने से पूरे इलाके को नई उम्मीद मिली है।

श्रेयसी सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, वह क्षेत्र के विकास, युवाओं की प्रगति और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगी।

गिद्धौर में स्वागत कार्यक्रम देर शाम तक चलता रहा और पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *