
पटना। बिहार में नीतीश कुमार ने 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। उनके साथ 26 अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें भाजपा के कोटे से 14 मंत्री, जदयू के कोटे से 9 मंत्रियों को जगह मिली है। वहीं, चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) को दो मंत्री पद मिले हैं। जीतनराम मांझी की हम पार्टी को एक मंत्री पद और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) को भी एक मंत्री पद मिला है।
एनडीए को 202 सीटें मिलीं
बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना 14 नवंबर को हुई थी। इसमें एनडीए को 202 सीटें मिलीं। भाजपा को सबसे ज्यादा 89, जदयू को 85, चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) को 19, जीतनराम मांझी की हम को 5 और रालोमो को 4 सीटें मिलीं। इसके बाद यह तय हुआ कि पहले से तय फॉर्मूला के तहत नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बनेंगे। साथ ही सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा उपमुख्यमंत्री बने रहेंगे।

पीएम का ‘गमछा’ लहराना सबसे बड़ा आकर्षण बना
पटना के गांधी मैदान में एनडीए सरकार के भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘गमछा’ लहराना सबसे बड़ा आकर्षण बन गया, जिस पर लाखों की भीड़ उत्साह से गूंज उठी। समारोह की शुरुआत मिथिला के लोकनृत्य सामा-चकेवा से हुई, जबकि विभिन्न महिला कलाकारों ने राज्यभर के लोकगीत प्रस्तुत किए।
लोकगीत और लोकनृत्य की हुई प्रस्तुति
कार्यक्रम में कलाकारों ने लोकगीत और लोकनृत्य प्रस्तुत कर मंच पर मौजूद सितारों की चमक में और इजाफा किया। मंच पर प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा और उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, असम, ओडिशा, हरियाणा तथा दिल्ली के मुख्यमंत्री मौजूद थे। जैसे ही जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में दसवीं बार शपथ ली, प्रधानमंत्री ने भीड़ की ओर ‘गमछा’ लहराया, जिसके बाद तालियों और जयकारों की गूंज तेज हो गई।
शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान से-शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई। इससे पहले मिथिला क्षेत्र के लोकप्रिय लोकनृत्य ‘सामा-चकेवा’ की प्रस्तुति महिलाओं के एक दल ने दी, जो भाई-बहन के प्रेम का उत्सव माना जाता है। इसके जरिए आगंतुकों का स्वागत किया गया। भाजपा और जदयू जो एनडीए की दो प्रमुख सहयोगी पार्टियां हैं ने क्रमशः 89 और 85 सीटें जीतीं। दोनों ने 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ा था।
श्रेयसी सिंह ने ली शपथ

भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह ने बिहार की मंत्री के रूप में शपथ ली। उन्होंने कहा कि मैं जमुई की जनता और अपने परिवार के सदस्यों का आभार व्यक्त करती हूं। आज शपथ लेने वाले कैबिनेट में युवा और अनुभवी दोनों तरह के नेता शामिल हैं।
दिलीप जायसवाल ने मंत्री पद की शपथ-मंत्री पद की शपथ लेने के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि यह ‘विकसित बिहार’ के सपने को पूरा करने की चुनौती है। सरकार की प्राथमिकता है कि बिहार कानून के राज में विकसित हो। मैं पहले भी मंत्री रह चुका हूँ, लेकिन मुझे संगठन की सेवा करनी थी। यह चुनाव मैंने प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए लड़ा। अब मैं फिर से मंत्री बना हूं।
चिराग पासवान की पार्टी से दो मंत्री
नई एनडीए सरकार में लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास से दो विधायकों को मंत्री बनाया गया है। इसमें महुआ विधानसभा से जीते संजय सिंह और बखरी विधानसभा संजय पासवान शामिल हैं।संजय सिंह ने लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को हराया था। शपथ ग्रहण समारोह के बाद चिराग पासवान ने कहा कि विकसित बिहार के संकल्प के प्रति समर्पित नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल के शामिल पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता श्री संजय कुमार सिंह जी को उज्ज्वल कार्यकाल की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। पार्टी के प्रति आपका समर्पण और जनसेवा की भावना, साथ ही दो दशकों का आपका अमूल्य अनुभव, निश्चित रूप से बिहार के नव-निर्माण को नई दिशा और गति प्रदान करेगा। आपकी ऊर्जा, प्रतिबद्धता और कार्यकुशलता से राज्य के विकास कार्य और अधिक सशक्त होंगे।
तेजस्वी यादव ने दी नई एनडीए सरकार को बधाई
राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई। मंत्रिपरिषद् के सदस्य के रूप में शपथ लेने वाले बिहार सरकार के सभी मंत्रियों को शुभकामनाएं। आशा है नई सरकार जिम्मेदारीपूर्ण लोगों की आशाओं और अपेक्षाओं पर खरा उतर अपने वादों एवं घोषणाओं को पूरा करेगी तथा बिहारवासियों के जीवन में सकारात्मक व गुणात्मक परिवर्तन लाएगी।