
जोधपुर। जिले के बालेसर क्षेत्र के पास सोमवार अल सुबह तेज रफ्तार ने छह ज़िंदगियों को छीन लिया। ट्रेलर और मिनी टेम्पो की आमने-सामने भिड़ंत में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हुए। टेम्पो में कुल 21 श्रद्धालु सवार थे, जो गुजरात से बाबा रामदेवरा ध्वजा चढ़ाने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क की गोलाई पर दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। ड्राइवर नियंत्रण नहीं रख पाए और देखते ही देखते गाड़ियां भीषण रूप से टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेम्पो में सवार कई लोग बाहर जा गिरे। मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू गुजरात के उस परिवार का था, जिसने पांच बेटियों के बाद हुए बेटे की मन्नत पूरी करने के लिए रामदेवरा में ध्वजा चढ़ाने का संकल्प किया था। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था—खुशी लेकर निकला सफर मातम में बदल गया और अब एक ही परिवार की छह अर्थियां उठेंगी।
घायलों को तुरंत बालेसर व जोधपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।