February 1, 2026

वेंकटेश अय्यर केकेआर की रिटेंशन लिस्ट में शामिल नहीं

मुंबई ,स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 2026 सीजन से पहले सभी फ्रेंचाइजियों की रिटेंशन लिस्ट सामने आ चुकी है और इस बार के फैसलों ने क्रिकेट फैंस को खूब चौंकाया है। सबसे हाइलाइट रही कोलकाता नाइट राइडर्स की रिटेंशन नीति, जिसमें कई स्टार खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखाकर एक बड़े बदलाव का संकेत दिया है। खासकर वे खिलाड़ी जिन्होंने बीते वर्षों में टीम को कामयाबी दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।

इनमें सबसे बड़ा नाम है वेंकटेश अय्यर, जिन्हें केकेआर ने आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में रिकॉर्ड 23.75 करोड़ रुपये खर्च कर राइट-टू-मैच कार्ड के जरिए वापस लिया था, लेकिन अब यह स्टार ऑलराउंडर रिटेंशन लिस्ट में शामिल नहीं है। यह फैसला पूरे क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है। इसके अलावा केकेआर का आंद्रे रसेल को रिलीज करना भी चौंकाने वाला रहा।
वहीं, जिस चेन्नई सुपर किंग्स ने मथीशा पथिराना को सहारा दिया था और महेंद्र सिंह धोनी ने उनके परिवार को कहा था कि वह हमेशा रहेंगे, उसी सीएसके ने पथिराना को रिलीज कर दिया है। सीएसके का डेवोन कॉनवे का भी साथ छोड़ना चौंकाने वाला रहा, क्योंकि 2023 में सीएसके के चैंपियन बनने में कॉनवे की भूमिका अहम रही थी।

एनरिच नॉर्त्जे और क्विंटन डिकॉक: अनुभव भी नहीं आया काम

केकेआर ने दक्षिण अफ्रीका के दो अनुभवी खिलाड़ियों- एनरिच नॉर्त्जे (6.5 करोड़) और क्विंटन डिकॉक (3.6 करोड़) और आईपीएल के रॉकस्टार आंद्रे रसेल को भी रिलीज कर दिया है। डिकॉक 2025 के सीजन में महज 152 रन ही बना सके। उनकी स्ट्राइक रेट और शुरुआत देने की क्षमता दोनों में कमी दिखी। नॉर्त्जे, जो आमतौर पर डेथ ओवरों में मैच चेंज करने का दम रखते हैं, उन्हें मौके बहुत कम मिले, और जो मिले उनमें वे प्रभावी नहीं रहे। दोनों का एक साथ रिलीज होना दर्शाता है कि केकेआर अब पूरी तरह नई विदेशी कोर तैयार करना चाहती है।

आंद्रे रसेल: केकेआर से 11 साल का साथ छूटा

आईपीएल इतिहास के सबसे हाई-प्रोफाइल रिलीज में से एक के रूप में, केकेआर ने अपने स्टार ऑलराउंडर आंद्रे रसेल को रिलीज करने का फैसला किया है। रसेल 2014 से फ्रेंचाइजी का लगातार हिस्सा रहे हैं और आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले केकेआर ने उन्हें पांच खिलाड़ियों में से एक के रूप में 12 करोड़ रुपये में रिटेन किया था।

टी20 क्रिकेट के एक दिग्गज और आईपीएल के सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में गिने जाने वाले रसेल का रिकॉर्ड भी शानदार है। आईपीएल इतिहास में सिर्फ दो खिलाड़ी ऐसे हैं जिनके नाम 2000 से ज्यादा रन और 100 विकेट दर्ज हैं, उनमें से एक रसेल हैं, जिन्हें अब रिलीज कर दिया गया है, जबकि दूसरे रवींद्र जडेजा ट्रेड किए जा चुके हैं। यही कारण है कि 2026 रिटेंशन विंडो सबसे ज़्यादा सुर्खियां बटोरने वाली बन गई है।

यह फैसला कई लोगों, खासकर KKR फैंस को चौंकाएगा, लेकिन फ्रेंचाइजी 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले भी रसेल को रिलीज करने पर विचार कर चुकी थी, हालांकि तब उन्होंने निर्णय टाल दिया था। 37 वर्षीय रसेल ने जुलाई में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था और 2019 वर्ल्ड कप के बाद से केवल टी20 प्रारूप ही खेल रहे थे।
लुंगी एनगिडी और मयंक अग्रवाल: दो सटीक रिप्लेसमेंट हुए रिलीज
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने भी दो बड़े खिलाड़ियों को रिलीज कर सभी को चौंका दिया। एनगिडी, जिन्हें आरसीबी ने उनके बेस प्राइस दो करोड़ रुपये में खरीदा था, जोश हेजलवुड के सटीक रिप्लेसमेंट थे। हेजलवुड हाल फिलहाल में चोट से जूझते रहे हैं और एशेज में भी उनके खेलने पर संशय है। ऐसे में आगामी आईपीएल में भी उनकी फिटनेस को लेकर कुछ नहीं कहा जा सकता।

सरंगा, तीक्षणा, फारुकी और आकाश मधवाल: आरआर ने कई स्टारों का साथ छोड़ा
राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 ऑक्शन से पहले बड़ा कदम उठाते हुए वानिंदु हसरंगा, महीश तीक्षणा, फजलहक फारुकी और आकाश मधवाल जैसे प्रभावशाली खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया है। इन चारों को पिछले सीज़न में टीम की रणनीति के अहम हिस्से के रूप में देखा जा रहा था, लेकिन लगातार बदलते संयोजन, विदेशी स्लॉट की प्रतिस्पर्धा और टीम की नई दिशा को देखते हुए फ्रेंचाइजी ने इन्हें बाहर का रास्ता दिखाया।

विग्नेश पुथुर: आईपीएल 2025 की सबसे बड़ी खोज भी रिलीज
मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 ऑक्शन से पहले पिछले सीजन की अपनी सबसे बड़ी खोज और युवा रिस्ट स्पिनर विग्नेश पुथुर को भी रिलीज कर दिया है। पुथुर ने अपने डेब्यू मैच में चेन्नई के खिलाफ तीन विकेट लेकर धूम मचा दी थी और खुद एमएस धोनी ने उनकी तारीफ की थी। 24 वर्षीय चाइनामैन गेंदबाज का सफर बेहद चुनौतीपूर्ण रहा है।

डेविड मिलर और रवि बिश्नोई: दो सुपरस्टार जिन्हें अब नई टीम की तलाश
लखनऊ सुपरजाएंट्स ने आईपीएल 2026 ऑक्शन से पहले एक बड़ा फैसला लेते हुए दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी फिनिशर डेविड मिलर और भारत के युवा लेग-स्पिनर रवि बिश्नोई को रिलीज कर दिया है। टीम के इस कदम ने फैंस को हैरान कर दिया, क्योंकि मिलर ने मिडिल ऑर्डर में कई बार मैच फिनिश किए थे, जबकि बिश्नोई पिछले कुछ सीजन से एलएसजी के लिए लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन करते रहे थे। माना जा रहा है कि टीम बड़े पर्स और नई टीम संरचना के साथ मिनी-ऑक्शन में ताजा शुरुआत करना चाहती है। अब दोनों खिलाड़ियों पर कई फ्रेंचाइजियों की नजर होना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *