
- 37 लाख रुपये की स्मैक जब्त, टोंक के 2 आरोपी गिरफ्तार, मादक पदार्थों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही जारी
बारां/जयपुर । अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन नशा-विनाश के तहत बारां पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्रभावी कार्यवाही करते हुए 135 ग्राम शुद्ध स्मैक और 49 ग्राम स्मैक टांका (कुल 184 ग्राम) जब्त की है। जब्त की गई इस स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में अनुमानित कीमत करीब 37 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक अंदासु के निर्देश पर यह कार्यवाही की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी और वृताधिकारी ओमेन्द्र सिंह के सुपरविजन में, थानाधिकारी सदर बारां हीरालाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो टोंक जिले के रहने वाले हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपी श्यामसुन्दर (45) अरनियां नील थाना मेहन्दवास और मनोज कुमार (25) निवासी हनुमानपुरा थाना दूनी जिला टोंक के रहने वाले है। इस संबंध में थाना बारां सदर पर प्रकरण एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले का अनुसंधान थानाधिकारी कोतवाली योगेश चौहान को सौंपा गया है।
पुलिस अब गिरफ्तार मुलजिमों से स्मैक की खरीद-फरोख्त के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि इस अवैध नेटवर्क की जड़ों तक पहुँचा जा सके। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बारां पुलिस की अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध यह कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।