February 1, 2026
  • अलवर पुलिस ने 25 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले गिरोह के 3 सदस्यों को बोलेरो सहित दबोचा

जयपुर/अलवर 13 नवंबर। अलवर जिले में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक युवक के अपहरण और उसे बंधक बनाकर 25 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में तत्परता दिखाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देशों पर यह कार्यवाही की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ आईपीएस और वृत्ताधिकारी वृत्त रामगढ सुनिल कुमार शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी बगड़ तिराया विनोद सांवरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
एसपी चौधरी ने बताया कि आरोपियों ने 8 नवंबर को एक युवक का अपहरण कर लिया और उसे एक कमरे में बंधक बना युवक के साथ जबरदस्त मारपीट की और जान से मारने का भय दिखाकर उसके परिजनों से 25 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। इस संबंध में थाना बगड़ तिराया पर प्रकरण दर्ज कर तुरंत अनुसंधान शुरू किया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जितेंद्र पुत्र विनोद निवासी सोरू जिला कासगंज उत्तर प्रदेश, मोहम्मद मेव पुत्र उम्मेद खां (65) निवासी पाकरपुर खोहरी थाना नगीना जिला नूंह मेवात हरियाणा और जाकिर हुसैन पुत्र जुम्माशाह (60) निवासी बेसी थाना नूंह जिला नूंह मेवात हरियाणा शामिल है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी बरामद कर लिया है। पुलिस अब इन आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि उनके पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *