February 1, 2026

पटना, 2 नवंबर। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच राजधानी पटना की सड़कों पर आज इतिहास रच गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भव्य रोड शो में लाखों की संख्या में जनसैलाब उमड़ पड़ा। ‘मोदी-मोदी’, ‘जय श्री राम’ और ‘फिर एक बार NDA सरकार’ के नारों से पटना गूंज उठा। यह रोड शो न केवल एनडीए की ताकत का प्रदर्शन था, बल्कि बिहार की जनता के विकास और सुशासन के प्रति अटूट विश्वास का प्रतीक भी साबित हुआ। पहले चरण के मतदान से महज चार दिन पहले यह आयोजन एनडीए के लिए बड़ा मनोबल बढ़ाने वाला साबित हुआ।

दिनकर चौक से शुरू हुआ रोड शो

शाम करीब 5:30 बजे दिनकर चौक (कदमकुआं) से शुरू हुआ यह 2.8 किलोमीटर लंबा रोड शो गांधी मैदान के निकट उद्योग भवन पर समाप्त हुआ। प्रधानमंत्री मोदी ने विशेष रूप से सजे ‘पीएम रथ’ पर सवार होकर जनता का अभिवादन किया।
रास्ते में नाला रोड, बारी पथ, ठाकुरबाड़ी रोड और बाकरगंज होते हुए रोड शो गुजरा। करीब 40 मिनट चले इस आयोजन के दौरान सड़कें किनारों से लेकर छतों तक लोगों से पट गईं। महिलाओं ने घरों की बालकनियों से आरती उतारी, तो युवाओं ने तिरंगा लहराते हुए जोश दिखाया। जगह-जगह झांकियां सजीं, जहां छठ गीत और लोक नृत्य प्रस्तुत किए गए।

यह ऐतिहासिक रोड शो-दिलीप जायसवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, “यह ऐतिहासिक रोड शो था। जनता का उत्साह बता रहा है कि बिहार फिर जंगलराज नहीं लाएगा। पीएम मोदी की गारंटी पर विश्वास है।” छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इसे “विकास की रफ्तार” का प्रतीक बताया। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, मंत्री नीतिन नवीन और दानापुर प्रत्याशी रामकृपाल यादव जैसे नेता पीएम के साथ मौजूद रहे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस रोड शो में गैरमौजूद रहे, लेकिन एनडीए नेताओं ने उनका स्वागतीय संदेश दोहराया।

महिलाओं ने पीएम की आरती उतारी
रोड शो के दौरान महिलाओं ने बालकनियों से पीएम की आरती उतारी, जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। पीएम मोदी ने हाथ जोड़कर सभी को प्रणाम किया। यह दृश्य एनडीए की ‘नारी शक्ति’ पर जोर देने वाली रणनीति का हिस्सा लगा। भारी भीड़ के बावजूद पुलिस ने चाक-चौबंद इंतजाम किए। ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी की गई। कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

यह रोड शो पीएम मोदी के बिहार के दो दिवसीय दौरे का हिस्सा था। आज ही उन्होंने आरा (दोपहर 1:30 बजे) और नवादा (3:30 बजे) में जनसभाओं को संबोधित किया। आरा में भोजपुरी में भाषण देकर उन्होंने उत्साह बढ़ाया और कहा, “एनडीए का संकल्प पत्र सामाजिक न्याय के साथ बिहार के चहुंमुखी विकास की गारंटी है।

” नवादा में उन्होंने महागठबंधन पर निशाना साधा, “इस बार भारी बहुमत से एनडीए सरकार बनेगी।” एनडीए ने हाल ही में पटना के मौर्या होटल में अपना ‘संकल्प पत्र’ जारी किया, जिसमें 1 करोड़ नौकरियां, किसानों के लिए ‘कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि’ (केंद्र से 6,000 रुपये + राज्य से 3,000 रुपये), महिलाओं और दलितों के लिए विशेष योजनाएं, हर जिले में इंडस्ट्रियल पार्क और बिहार को ‘ग्लोबल स्किलिंग सेंटर’ बनाने का वादा शामिल है। जेपी नड्डा, नीतीश कुमार, चिराग पासवान और जीतन राम मांझी ने इसे जारी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *