
डोटासरा को याद आया कांग्रेस का पांच साल का कुशासन-डॉ. अरुण चतुर्वेदी
जयपुर, 31 अक्टूबर। राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बीजेपी सरकार पर राज्य की स्वायत्तता छीनने और आरएसएस के हाथों में सौंप देने का गंभीर आरोप लगाया है। एक बयान में डोटासरा ने कहा कि बीजेपी-आरएसएस ने राजस्थान को ‘नाम मात्र का राज्य’ बना दिया है, जो अब केंद्र शासित प्रदेश जैसा हो गया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में आरएसएस का आधिपत्य स्थापित हो रहा है, लोकतंत्र की जगह ‘नियंत्रण का शासन’ चल रहा है, और केंद्र की अनुमति के बिना कोई निर्णय नहीं लिया जा रहा।
डोटासरा ने जयपुर में आयोजित एक प्रेस वार्ता में कहा, “राजस्थान भारतीय संघ का एक राज्य है, लेकिन बीजेपी-आरएसएस ने इसे केंद्र शासित प्रदेश जैसा बना दिया है। संघ के लोग प्रदेश में ऐसे शासन कर रहे हैं, जैसे जनता ने उन्हें चुनकर भेजा है।”
उन्होंने बीजेपी सरकार को ‘नाम मात्र की’ बताते हुए आरोप लगाया कि अमूमन राज्य में आरएसएस का आधिपत्य स्थापित हो रहा है। “ऐसा प्रतीत होता है कि जैसे आरएसएस ने प्रदेश की स्वायत्तता छीन ली। लोकतंत्र की जगह नियंत्रण का शासन चल रहा है।”डोटासरा ने दिल्ली की ‘गुजरात लॉबी’ और ‘पर्ची वाले ठेकेदारों’ पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा, “दिल्ली में काम करने वाली गुजरात की लॉबी और दिल्ली से पर्ची वाले ठेकेदारों ने राजस्थान की व्यवस्था पर कब्जा कर लिया है। हालात ऐसे बने हैं कि केंद्र की अनुमति के बिना यहां कोई काम नहीं होता। ब्यूरोक्रेसी भी पूरी तरह हावी है।”
डोटासरा ने कहा, “मुद्दे उठाने वालों पर मुकदमें लगाए जा रहे हैं, नीति की आलोचना करने पर ED-IT के छापे पड़ रहे हैं। कभी पुलिस मुख्यालय का इकबाल होता था, लेकिन आज एक डीजी पर 4-4 डीजी बैठाकर पुलिस का इकबाल खत्म कर रहे हैं। हालात इतने दयनीय हैं कि प्रदेश के मुखिया राजस्थान का भट्टा बैठाने में लगे हैं।” उन्होंने पुलिस महकमे में बहुल डीजी पदों की नियुक्ति को ‘केंद्रीकरण’ का प्रतीक बताया, जो राज्य की स्वतंत्रता को कमजोर कर रहा है।
डोटासरा को याद आया कांग्रेस का पांच साल का कुशासन-डॉ. अरुण चतुर्वेदी

डोटासरा के बयान पर बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने पलटवार करते हुए कहा – कांग्रेस सरकार होटलों में बैठी रही और जनता को छोड़ दिया उनके हाल पर, डोटासरा कांग्रेस के कुशासन की खूबियां गिनाने लग गए, पिछली कांग्रेस सरकार के पांच साल के कार्यकाल में आम आदमी त्रस्त था, उन्होंने कहा कि तब लगातार पेपरलीक से युवा परेशान था और मंहगाई से आमजन बेहाल था, मगर अब बीजेपी का सुशासन है, जनकल्याणकारी नीतियां और कार्यक्रम बन रहे हैं।