October 7, 2025

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा का 93 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनका निधन मंगलवार सुबह (30 सितंबर) दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में इलाज के दौरान हुआ। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और हाल ही में अस्पताल में भर्ती थे। उनका निधन भाजपा और दिल्ली की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

अंतिम संस्कार: उनका अंतिम संस्कार दिल्ली के निगम बोध घाट पर आज शाम को किया जाएगा। इससे पहले आअज भाजपा ने पार्टी कार्यालयों में शोक सभा में उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।

जीवन और राजनीतिक योगदान
प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा भाजपा के संस्थापक सदस्यों में थे। उनका जन्म ब्रिटिश भारत के लाहौर (अब पाकिस्तान) में हुआ था। वे जनसंघ से जुड़े और जनता पार्टी तथा भाजपा के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दिल्ली की राजनीति में चार दशकों से अधिक समय तक सक्रिय रहने वाले मल्होत्रा ने प्रमुख पद संभाले

दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष (1980 में भाजपा के गठन के बाद)।
दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता। वे चार बार लोकसभा सदस्य रहे। 1999 में वे दक्षिण दिल्ली से पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को हराकर चुने गए थे। वे भारतीय ओलंपिक संघ के पूर्व अध्यक्ष भी रहे और खेल प्रशासन में योगदान दिया। शिक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय रहे, जहां उन्हें ‘प्रोफेसर’ के नाम से जाना जाता था।

प्रमुख नेताओं के शोक संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी : “जीवनपर्यंत जनसेवा में समर्पित रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा जी के निधन से गहरा दुख हुआ है। वे जमीन से जुड़े ऐसे नेता थे, जिन्हें जनता के मुद्दों की गहरी समझ थी। दिल्ली में पार्टी को सशक्त बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। संसद में अपनी सक्रियता और योगदान के लिए सदैव याद किए जाएंगे। उनके निधन से व्यथित हूं। शोकाकुल परिजनों के प्रति गहन शोक संवेदना।”

गृह मंत्री अमित शाह- “जनसंघ से लेकर जनता पार्टी और भाजपा तक संगठन को आकार और विस्तार देने में अहम भूमिका निभाने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा जी के निधन से मन अत्यंत व्यथित है। दिल्ली भाजपा में अध्यक्ष हों, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष या एक जन प्रतिनिधि, विजय कुमार मल्होत्रा जी ने हमेशा ही संगठन को मजबूती प्रदान की।”

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा- “प्रोफेसर विजय मल्होत्रा का जीवन सादगी और जनसेवा की मिसाल रहा है। जनसंघ से लेकर भाजपा तक, उन्होंने न सिर्फ संगठन को मजबूत किया बल्कि समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणा बने।”

भाजपा ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा: “भाजपा के वरिष्ठ नेता, दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। दुःख की इस घड़ी में पूरा भाजपा परिवार उनके परिजनों के साथ है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *