March 13, 2026

कोलकाता। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सशस्त्र बलों से युद्ध की पारंपरिक अवधारणाओं से आगे बढ़कर सूचना, वैचारिक, पारिस्थितिक और जैविक युद्ध जैसे अपरंपरागत खतरों से उत्पन्न अदृश्य चुनौतियों से निपटने के लिए सतर्क और तैयार रहने का आह्वान किया है। 16 सितंबर को पश्चिम बंगाल के कोलकाता में संयुक्त कमांडरों के सम्मेलन 2025 को संबोधित करते हुए, रक्षा मंत्री ने अशांत वैश्विक व्यवस्था, क्षेत्रीय अस्थिरता और उभरते सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए, दुनिया भर में हो रहे बदलावों और देश की सुरक्षा व्यवस्था पर उनके प्रभाव के निरंतर आकलन की आवश्यकता पर बल दिया।

राजनाथ सिंह ने ज़ोर देकर कहा कि युद्ध की प्रकृति लगातार विकसित हो रही है, और हाल के वैश्विक संघर्षों ने एक “प्रौद्योगिकी-अनुकूल” सेना की प्रासंगिकता को रेखांकित किया है। उन्होंने कहा कि आज के युद्ध इतने अचानक और अप्रत्याशित होते हैं कि उनकी अवधि का अनुमान लगाना बेहद मुश्किल है। यह दो महीने, एक साल या पाँच साल भी हो सकता है। हमें तैयार रहने की ज़रूरत है। हमें यह सुनिश्चित करने की ज़रूरत है कि हमारी क्षमता पर्याप्त बनी रहे।

भारत के रक्षा क्षेत्र को आक्रामक और रक्षात्मक क्षमताओं का सम्मिश्रण बताते हुए, रक्षा मंत्री ने कमांडरों से सक्रिय दृष्टिकोण अपनाने और प्रधानमंत्री मोदी की परिकल्पना के अनुरूप सुदर्शन चक्र के निर्माण के लिए प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि परियोजना की जाँच और एक “यथार्थवादी कार्य योजना” तैयार करने के लिए एक समिति का गठन किया गया है। उन्होंने इस परिकल्पना को साकार करने के लिए अगले पाँच वर्षों के लिए एक मध्यम अवधि और अगले दस वर्षों के लिए एक दीर्घकालिक योजना बनाने का सुझाव दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *